जेवर में एयरपोर्ट के उद्घाटन पर विपक्ष पर बरसे पीएम मोदी, बोले-पिछली सरकारों ने रोका विकास
उत्तर प्रदेश के जेवर में बने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना को पिछली सरकारों ने वर्षों तक आगे नहीं बढ़ाया, जिसके कारण क्षेत्र के विकास में देरी हुई। प्रधानमंत्री ने कहा कि अब यह एयरपोर्ट केवल एक बुनियादी ढांचा परियोजना नहीं, बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की नई आर्थिक दिशा तय करने वाला केंद्र बनेगा।
उद्घाटन समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू समेत कई वरिष्ठ नेता और अधिकारी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले नोएडा को विकास के बजाय राजनीतिक फायदे के लिए इस्तेमाल किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि 2004 से 2014 के बीच यह परियोजना फाइलों में दबकर रह गई और कोई ठोस प्रगति नहीं हुई। पीएम मोदी ने कहा कि उस दौर में भ्रष्टाचार और नीतिगत सुस्ती के कारण बड़े बुनियादी ढांचे के प्रोजेक्ट अटकते रहे। उन्होंने कहा कि 2014 में केंद्र में नई सरकार बनने के बाद भी उत्तर प्रदेश में उस समय की सरकार ने शुरुआती वर्षों में इस परियोजना को गति नहीं दी। बाद में केंद्र और राज्य में एक ही दल की सरकार बनने के बाद जेवर एयरपोर्ट के निर्माण को तेज किया गया और जमीन पर काम शुरू हुआ। उन्होंने समाजवादी पार्टी के नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि पहले कुछ नेता नोएडा आने से भी हिचकिचाते थे। उन्होंने एक पुराने प्रसंग का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय के मुख्यमंत्री को नोएडा आने को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती थीं। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज वही क्षेत्र बड़े निवेश और आधुनिक बुनियादी ढांचे का केंद्र बन रहा है। पीएम नरेंद्र मोदी ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र में तेजी से बदलाव दिखाई दे रहा है। उन्होंने नोएडा में सेमीकंडक्टर फैक्ट्री की स्थापना, मेरठ मेट्रो के विस्तार और दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर को प्रमुख उपलब्धियां बताया। उन्होंने कहा कि ये सभी परियोजनाएं क्षेत्र को औद्योगिक और आर्थिक रूप से मजबूत बना रही हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट उत्तर भारत की कनेक्टिविटी को नई ऊंचाई देगा। यहां से कम अंतराल में उड़ानें संचालित की जा सकेंगी और यात्रियों के साथ-साथ व्यापार को भी फायदा मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना निवेश, रोजगार और पर्यटन के नए अवसर लेकर आएगी।
कनेक्टिविटी, निवेश और रोजगार के लिए बड़ा केंद्र बनेगा जेवर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में देश में हवाई अड्डों की संख्या बढ़ने का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले देश में 74 एयरपोर्ट थे, जबकि अब यह संख्या बढ़कर 160 से अधिक हो गई है। उत्तर प्रदेश में भी हवाई अड्डों का तेजी से विस्तार हुआ है और अब राज्य में 17 एयरपोर्ट संचालित या विकसित किए जा रहे हैं। इससे आम लोगों के लिए हवाई यात्रा अधिक सुलभ हुई है और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिला है। पीएम श ने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आर्थिक विकास को नई गति देगा। उन्होंने बताया कि इस परियोजना से नोएडा के अलावा आगरा, मथुरा, अलीगढ़, गाजियाबाद, मेरठ, इटावा, बुलंदशहर और फरीदाबाद जैसे शहरों को सीधा लाभ मिलेगा। इससे उद्योग, पर्यटन और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में नई संभावनाएं पैदा होंगी। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट को मल्टी-मोडल ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां सड़क, रेल, मेट्रो और क्षेत्रीय परिवहन की सुविधाओं को एक साथ जोड़ा जाएगा, जिससे यात्रियों को सहज और तेज कनेक्टिविटी मिलेगी। इससे माल ढुलाई और लॉजिस्टिक्स सेक्टर को भी मजबूती मिलेगी। पीएम मोदी
ने कहा कि इस परियोजना के पहले चरण को लगभग 11,200 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया गया है। भविष्य में इसके विस्तार के साथ यात्री क्षमता और सुविधाओं को बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह एयरपोर्ट न केवल हवाई सेवा देगा, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिक विकास को भी गति देगा। उन्होंने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी से निवेश आकर्षित होगा, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय युवाओं को नए मौके मिलेंगे। किसानों को भी अपने उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। कुल मिलाकर, जेवर एयरपोर्ट पश्चिमी उत्तर प्रदेश को विकास के नए दौर में ले जाने वाला महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

