समर वेकेशन से पहले बंपर ऑफर: होटल में तीसरी रात मुफ्त, फ्लाइट-होटल बुकिंग पर हजारों की छूट
गर्मियों की शुरुआत के साथ ही देशभर में छुट्टियों की प्लानिंग तेज हो गई है। परिवार, दोस्त और कॉरपोरेट ग्रुप आने वाले महीनों में पहाड़ों, समुद्री तटों और पर्यटन स्थलों पर घूमने की तैयारी कर रहे हैं। इसी बढ़ती मांग को देखते हुए ट्रैवल कंपनियों, होटल चेन और ऑनलाइन बुकिंग प्लेटफॉर्म ने आकर्षक ऑफर पेश करने शुरू कर दिए हैं। कहीं दो रात रुकने पर तीसरी रात मुफ्त दी जा रही है तो कहीं फ्लाइट, होटल और हॉलिडे पैकेज पर हजारों रुपये तक की छूट दी जा रही है। इन ऑफर्स का मकसद यात्रियों को पहले से बुकिंग के लिए प्रोत्साहित करना और समर सीजन की बढ़ती मांग को भुनाना है। होटल इंडस्ट्री में भी समर सीजन को लेकर प्रतिस्पर्धा बढ़ गई है। कई होटल चेन सीमित अवधि के लिए विशेष पैकेज लेकर आई हैं। सरोवर होटल्स ने ऐसा ही एक ऑफर शुरू किया है, जिसके तहत मेहमान दो रात ठहरने पर तीसरी रात मुफ्त में बिता सकते हैं। इसके अलावा, कई प्रॉपर्टी में भोजन और पेय पदार्थों पर 15 प्रतिशत तक की छूट भी दी जा रही है। परिवारों को आकर्षित करने के लिए होटल चेन 10 साल तक के बच्चों को मुफ्त ठहरने और भोजन की सुविधा भी उपलब्ध करा रही है। इस तरह के ऑफर परिवारों के लिए यात्रा को अधिक किफायती बना रहे हैं।
सरोवर होटल्स की निदेशक (मार्केटिंग-कम्युनिकेशन) नीतिका खन्ना के अनुसार, गर्मियां भारत में यात्रा का सबसे मजबूत सीजन होता है। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ छुट्टियां मनाने निकलते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए होटल चेन आकर्षक और किफायती पैकेज लेकर आई है, ताकि मेहमान लंबी अवधि तक ठहर सकें और अलग-अलग लोकेशन पर होटल की सुविधाओं का लाभ उठा सकें। उनका कहना है कि इस तरह के ऑफर से न केवल ग्राहकों को फायदा होता है, बल्कि होटल इंडस्ट्री में बुकिंग भी पहले से बढ़ने लगती है। सिर्फ होटल ही नहीं, ऑनलाइन ट्रैवल प्लेटफॉर्म भी इस सीजन में आक्रामक मार्केटिंग कर रहे हैं। क्लियरट्रिप ने अपने वार्षिक ‘नेशन ऑन वेकेशन’ अभियान के तहत घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों, होटल बुकिंग, बस टिकट और हॉलिडे पैकेज पर भारी छूट की घोषणा की है। कंपनी यात्रियों को सह-ब्रांडेड क्रेडिट कार्ड के जरिए अतिरिक्त लाभ भी दे रही है। इन ऑफर्स के जरिए ग्राहक पहले से यात्रा की योजना बनाकर कम कीमत पर टिकट और होटल बुक कर सकते हैं। क्लियरट्रिप की मुख्य विपणन और राजस्व अधिकारी पल्लवी सक्सेना का कहना है कि गर्मियों में यात्रा की मांग तेजी से बढ़ती है। ऐसे में कंपनी ग्राहकों के लिए ऐसे ऑफर लेकर आई है, जिससे वे बिना किसी झिझक के यात्रा की योजना बना सकें। उनका मानना है कि आकर्षक छूट और आसान बुकिंग विकल्प यात्रियों में उत्साह बढ़ाते हैं और पर्यटन उद्योग को भी गति देते हैं।
इसी तरह ईजमाईट्रिप ने भी ‘सनी गेटअवे सेल’ के तहत कई ऑफर पेश किए हैं। कंपनी उड़ानों पर 5,000 रुपये तक और होटल बुकिंग पर 10,000 रुपये तक की छूट दे रही है। इसके अलावा बस, कैब और हॉलिडे पैकेज पर भी विशेष रियायत दी जा रही है। कंपनी का कहना है कि जैसे-जैसे गर्मियों का सीजन करीब आ रहा है, घरेलू और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थलों के लिए मांग बढ़ रही है और ग्राहक किफायती विकल्प तलाश रहे हैं। ऐसे में ये ऑफर यात्रियों को कम खर्च में बेहतर यात्रा अनुभव देने के उद्देश्य से तैयार किए गए हैं।
घूमने वाले लोगों के लिए ट्रैवल कंपनियों की यह स्कीम फायदे में हो सकती है?
ट्रैवल कंपनियों के ये ऑफर ऐसे समय में सामने आए हैं जब आने वाले दिनों में यात्रा खर्च बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। पश्चिम एशिया में जारी तनाव और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के कारण एयरलाइन कंपनियों की लागत बढ़ रही है। इससे हवाई किराए में बढ़ोतरी की आशंका है। इसके अलावा सरकार द्वारा मुफ्त सीट आवंटन से जुड़े निर्देश और किराया सीमा हटने जैसी नीतिगत बदलावों का भी टिकट कीमतों पर असर पड़ सकता है। ऐसे में अभी बुकिंग करने पर यात्रियों को कम कीमत का फायदा मिल सकता है। हर साल गर्मियों में घूमने वाले लोगों के लिए यह स्कीम फायदे में हो सकती है। समर सीजन में सबसे ज्यादा मांग पहाड़ी राज्यों, समुद्री तटों और धार्मिक पर्यटन स्थलों की रहती है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, कश्मीर, गोवा, केरल और पूर्वोत्तर राज्यों के लिए बुकिंग तेजी से बढ़ रही है। कई होटल और ट्रैवल एजेंसियां अर्ली बर्ड ऑफर के जरिए ग्राहकों को पहले से बुकिंग करने पर अतिरिक्त छूट दे रही हैं। इससे यात्रियों को न केवल कम कीमत मिलती है, बल्कि पसंदीदा होटल और फ्लाइट चुनने का विकल्प भी मिलता है। समर वेकेशन से पहले ट्रैवल कंपनियों और होटल इंडस्ट्री के बीच ग्राहकों को आकर्षित करने की होड़ तेज हो गई है। तीसरी रात मुफ्त ठहरने से लेकर हजारों रुपये की छूट तक के ऑफर यात्रा को पहले से ज्यादा किफायती बना रहे हैं। आने वाले महीनों में यात्रा खर्च बढ़ने की आशंका के बीच ये ऑफर यात्रियों के लिए बेहतर अवसर साबित हो सकते हैं। जो लोग गर्मियों में घूमने की योजना बना रहे हैं, उनके लिए अभी बुकिंग करना फायदे का सौदा माना जा रहा है।

