ब्रह्माकुमारीज ने वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ब्रह्माकुमारीज संस्थान द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भारत के निर्माण हेतु विभिन्न स्थानों पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क, मनोहर भूषण इंटर कॉलेज तथा ड्राइविंग ट्रेनिंग एवं टेस्टिंग इंस्टीट्यूट, बरेली में छायादार, फलदार एवं फूलदार पौधों का रोपण किया गया।
डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क एवं मनोहर भूषण इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान यहां संस्थान के सदस्यों एवं नागरिकों ने विभिन्न प्रकार के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। मनोहर भूषण इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य मनोज कुमार सक्सेना एवं विद्यालय के स्टाफ ने भी पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए पौधारोपण किया तथा अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संदेश दिया। सभी ने प्रकृति को सुरक्षित रखने, अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।
वहीं ड्राइविंग ट्रेनिंग एवं टेस्टिंग इंस्टीट्यूट, बरेली में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारीज की क्षेत्रीय संचालिका बीके पार्वती दीदी, बीके नीता दीदी, बीके पारुल दीदी एवं संस्थान के सदस्यों के साथ उप परिवहन आयुक्त कमल गुप्ता, संभागीय परिवहन अधिकारी पंकज सिंह तथा प्राविधिक निरीक्षक हारुन सैफी ने सहभागिता करते हुए फलदार एवं फूलदार पौधों का रोपण किया।
इस अवसर पर बीके पार्वती दीदी ने कहा कि प्रकृति ईश्वर की अनुपम देन है और इसकी रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस तक सीमित न रहकर हमारी जीवनशैली का हिस्सा बनना चाहिए। अधिक से अधिक वृक्ष लगाकर और उनकी नियमित देखभाल करके ही हम आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण प्रदान कर सकते हैं।
उप परिवहन आयुक्त कमल गुप्ता ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। संभागीय परिवहन अधिकारी पंकज सिंह ने वृक्षारोपण को पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का प्रभावी माध्यम बताया, जबकि प्राविधिक निरीक्षक हारुन सैफी ने पौधे लगाने के साथ उनकी देखभाल पर भी विशेष बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी भाई-बहनों, अधिकारियों एवं नागरिकों ने पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन हरित, स्वच्छ, स्वस्थ एवं समृद्ध भारत के निर्माण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

